Top 5 This Week

Related Posts

नई बाइक, नया सफर… पलभर की चूक ने छीन ली आशु यूके राइडर की जिंदगी

देहरादून। उत्तराखंड के चर्चित यूट्यूबर और बाइक राइडर आशु यूके राइडर की सड़क हादसे में मौत हो गई। नई बाइक खरीदने के बाद शुरू हुआ उनका नया सफर एक दर्दनाक हादसे के साथ खत्म हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, आशु ने हाल ही में करीब 22 लाख रुपये की कावासाकी निंजा ZX-10R बाइक खरीदी थी। नई बाइक की डिलीवरी लेने के बाद वह यात्रा पर निकले थे। इसी दौरान देहरादून के सहसपुर क्षेत्र में उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई।

बताया जा रहा है कि बल्लूपुर-पांवटा मार्ग पर हिंदूवाला के पास उनकी मोटरसाइकिल को एक अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में आशु को गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय उनके हेलमेट पहने होने की बात भी सामने आई है।

आशु सोशल मीडिया पर बाइक राइडिंग और यात्रा से जुड़े वीडियो बनाकर युवाओं के बीच लोकप्रिय थे। उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स बताए जाते हैं। कम उम्र में बनाई गई उनकी पहचान और अचानक हुई मौत से उनके चाहने वालों को गहरा सदमा लगा है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

आशु यूके राइडर की मौत एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। परिवार के लिए नई बाइक और नए सफर की खुशी देखते ही देखते जिंदगीभर के दर्द में बदल गई।

Popular Articles