हरिद्वार। धर्मनगरी में नकली नोटों का नेटवर्क फैलाने की कोशिश कर रहे गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पिछले 14 दिनों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 2.92 लाख रुपये की जाली करेंसी, नोट छापने के उपकरण, प्रिंटर, लैपटॉप और मोबाइल बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों और छोटे बाजारों को निशाना बनाकर नकली नोट चलाने की योजना बना रहा था। श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही और नकद लेन-देन वाले क्षेत्रों को आरोपी आसान लक्ष्य मान रहे थे।
कार्रवाई की शुरुआत 28 जून को श्यामपुर थाना क्षेत्र से हुई, जहां पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 52,500 रुपये की नकली करेंसी बरामद की। इसके बाद पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंच बनाई गई।
6 जुलाई को नगर कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 84,500 रुपये के नकली नोट बरामद किए। वहीं, आगे की जांच में पंजाब से दो अन्य आरोपियों को दबोचा गया, जिनके पास से नकली नोट और प्रिंटर बरामद हुआ।
पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क, नकली करेंसी के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।





