Top 5 This Week

Related Posts

धार्मिक अराजकता पर जीरो टॉलरेंस: सीएम धामी

देहरादून। प्रदेश में चौकी पर हुए बवाल को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि उत्तराखंड की शांतिपूर्ण धार्मिक-सामाजिक व्यवस्था के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि धार्मिक अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सरकार कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की पहचान देवभूमि के रूप में है, यहां की गंगा-जमुनी संस्कृति और सामंजस्य को बिगाड़ने का प्रयास करने वालों को कतई छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घटनाओं पर तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा न जाए।

धामी ने यह भी कहा कि प्रदेश की जनता शांति और सौहार्द चाहती है। कुछ लोग राजनीतिक या व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सरकार ऐसे तत्वों को नाकाम करने के लिए पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता को सुरक्षा और शांति का माहौल देना राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की उकसावे की कार्रवाई से दूर रहें। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए हर स्तर पर कदम उठाए जाएंगे।

Popular Articles