Thursday, September 19, 2024

Top 5 This Week

Related Posts

देहरादून में सड़कों पर उतरे कांग्रेसी

उत्तराखंड कांग्रेस कार्यकर्ता आज ईडी के खिलाफ देहरादून में सड़कों पर उतरे। कार्यकर्ताओं ने क्रॉस रोड स्थित प्रवर्तन निदेशालय के दफ्तर के बाहर जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। इस दाैरान उनकी पुलिसकर्मियों से धक्का मुक्की भी हुई। गुरुवार को सुबह कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से रैली निकालते हुए निकले। प्रदर्शन में हरक सिंह रावत, रंजीत रावत, सूर्यकांत धस्माना, शूरवीर सिंह सजवाण, गणेश गोदियाल, प्रदीप टम्टा, ज्योति रौतेला भी शामिल हुए। पुलिस ने ईडी ऑफिस से पहले ही प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दाैरान पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की धक्कामुक्की भी हुई। इस बीच कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल जिस तरह से भाजपा सरकार कर रही है, हम उसका विरोध कर रहे हैं। एक कानून पास करने के लिए कांग्रेस के 143 सांसदों की सदस्यता खत्म की गई। आज देश में उन शक्तियों का शासन है, जो नाथूराम गोडसे को जिंदाबाद करते हैं। आज हर परिवार का कोई न कोई बच्चा बेरोजगार है। हमारे नेता राहुल गांधी ने एक साल पहले जो बात उठाई थी, आज हिडनबर्ग ने उसका खुलासा किया है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि ये पहली सरकार है जिसने ईडी को एक हथियार बना दिया है। ईडी के अफसरों को भी समझना होगा कि सरकार आती-जाती रहती है। देश मे जो हिटलरशाही है, विपक्ष के नेताओं को दबाने के लिए जो एजेंसी लगाई है, देश की जनता देख रही है।

हरक सिंह रावत ने कहा कि देशभर में कांग्रेस को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उसका समय-समय पर जनता ने जवाब दिया है। अभी तो देश ने केवल अंगड़ाई ली है। देश का माहौल बदल गया है। हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड, दिल्ली में चुनाव होंगे, उस दिन बदलाव और आगे बढ़ेगा।

Popular Articles