Wednesday, March 4, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

देहरादून आपदा: प्रभावित स्थानों से 168 लोग रेस्क्यू कर होटलों में शिफ्ट

देहरादून। आपदा प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया लगातार जारी है। प्रशासन ने अब तक 168 लोगों को रेस्क्यू कर विभिन्न होटलों में शिफ्ट किया है। इन होटलों को आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मंगलवार को अधिग्रहित किया गया था। यहां प्रभावित परिवारों के ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि मजाड़ और कालीगाड क्षेत्रों में सर्च व रेस्क्यू अभियान लगातार चल रहा है। खतरनाक स्थानों से 70 लोगों को पहले ही सुरक्षित निकाल लिया गया था। इसके बाद अलग-अलग गांवों से प्रभावित परिवारों को भी सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।

कहां से कितने लोग निकाले गए

  • कार्लीगाड गांव से 60 लोगों को रेस्क्यू कर हिमालयन व्यू होटल में शिफ्ट किया गया।
  • सेरा गांव से 32 लोगों को ईरा रिजॉर्ट भेजा गया।
  • कुल्हान गांव से 76 प्रभावितों को हिल व्यू होटल पहुंचाया गया।

ये लोग पहले नागल हटनाला के प्राइमरी स्कूल में ठहराए गए थे। लेकिन बेहतर सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए अब इन्हें होटलों में शिफ्ट किया गया है।

प्रशासनिक प्रबंधन
प्रशासन ने कुल पांच होटलों को अधिग्रहित किया है। प्रत्येक होटल में दो-दो कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जो प्रभावित परिवारों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान कर रहे हैं। इसके अलावा जिला पर्यटन विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी और सहायक खंड विकास अधिकारी रायपुर को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।

प्रत्येक होटल में राशन और भोजन की पूरी व्यवस्था की गई है। साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए सफाई कर्मचारियों को भी नियुक्त किया गया है। साथ ही प्रभावित लोगों के नुकसान का ब्यौरा एकत्र किया जा रहा है ताकि भविष्य में उन्हें मुआवजा और अन्य राहत सुविधाएं मुहैया कराई जा सकें।

DM बंसल का बयान
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन हर प्रभावित परिवार तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है। आपदा की गंभीरता को देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि राहत और पुनर्वास कार्य में किसी भी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

Popular Articles