देहरादून। उत्तराखंड भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह-प्रभारी अरविंद मेनन व बांसुरी स्वराज दो अक्तूबर से देहरादून के दो दिवसीय दौरे पर आएंगे। इस दौरान तीनों नेता पार्टी के प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और विभिन्न मोर्चों की टीम के साथ बैठक करेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन की गतिविधियों और रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, तीनों नेताओं का यह उत्तराखंड में पहला विस्तृत संगठनात्मक दौरा होगा। पहले उनका कोर कमेटी की बैठक में शामिल होने का कार्यक्रम था, लेकिन पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के कारण वे बैठक में शामिल नहीं हो सके थे। अब दो अक्तूबर से उनका दौरा तय किया गया है।
दौरे के पहले दिन गांधी जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राम माधव, अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज प्रदेश पदाधिकारियों तथा सभी जिलाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इसमें जिलावार संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी और आगामी चुनाव को लेकर तैयारियों पर चर्चा होगी।
दौरे के दूसरे दिन भाजपा के सातों मोर्चों की प्रदेश टीमों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसमें मोर्चों के स्तर पर संगठन की गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की जाएगी। पार्टी के अनुसार, इन बैठकों के माध्यम से प्रदेश में संगठन की तैयारियों और जमीनी गतिविधियों की जानकारी ली जाएगी।
भाजपा ने हाल ही में उत्तराखंड के संगठनात्मक प्रभार में बदलाव करते हुए राम माधव को प्रदेश प्रभारी बनाया है, जबकि अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण कार्यक्रम के रूप में देखा जा रहा है।





