लगातार बारिश से अलकनंदा नदी का जलस्तर शनिवार को अचानक बढ़ गया। टोडेश्वर टापू डूब गया और गंगा भी चेतावनी के निशान तक पहुंच गई।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार शुक्रवार रात अलकनंदा का जलस्तर 460 मीटर पर था, जो शनिवार सुबह चेतावनी स्तर 463 मीटर तक पहुंच गया। इसके चलते गंगा का जलस्तर भी बढ़ गया और मुख्य संगम घाट, रामकुंड व फुलाड़ी घाट पूरी तरह जलमग्न हो गए।
तेज प्रवाह से भागीरथी का बहाव भी प्रभावित हुआ, जिससे उसका जलस्तर बढ़ गया। प्रशासन ने त्रिवेणी घाट क्षेत्र में लाउडस्पीकर से अलर्ट जारी कर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
हालांकि खतरे के बावजूद शनि अमावस्या पर श्रद्धालु गंगा-घाटों पर तर्पण और धार्मिक अनुष्ठान करते नजर आए।





