देहरादून। दून इंटरनेशनल स्कूल में चल रहे दून लिटरेचर फेस्टिवल का दूसरा दिन साहित्य, संस्कृति और संवाद से सराबोर रहा। शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में पहुँचे और लेखक आगरहरी ढींगरा की पुस्तक ‘लीडिंग लेडीज’ का विधिवत विमोचन किया।
साहित्य को बताया समाज का दर्पण
पुस्तक विमोचन के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि साहित्य भावनाओं, विचारों और अनुभवों को अभिव्यक्त करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि समाज में सांस्कृतिक और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में साहित्य की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
सीएम ने आशा व्यक्त की कि ‘लीडिंग लेडीज ऑफ इंडिया’ पुस्तक पाठकों—विशेषकर महिलाओं—को प्रेरित करेगी और उन्हें अपने सपनों की ओर बढ़ने का उत्साह देगी।
महिला सशक्तीकरण पर सरकार के प्रयासों का उल्लेख
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार महिला सशक्तीकरण को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार कई योजनाएं संचालित कर रही है, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
संस्कृति-संरक्षण पर भी दिया जोर
सीएम ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को संरक्षित रखने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। साहित्य, कला और लोकसंस्कृति को प्रोत्साहन देने वाले कार्यक्रमों को सरकार आगे भी समर्थन देती रहेगी।
दून लिटरेचर फेस्टिवल के दूसरे दिन साहित्य प्रेमियों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न सत्रों में लेखकों, कवियों और विचारकों ने अपनी रचनाओं व विचारों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।





