इन दिनों उत्तर भारत के कई राज्य समेत राजधानी दिल्ली और एनसीआर में गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट को बदलकर रेड अलर्ट में तब्दील कर दिया। यानी गर्मी का कहर बढ़ सकता है। हालांकि गुरुवार रात को दिल्ली-एनसीआर में आंधी और हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। इसके बावजूद शुक्रवार को तापमान 45 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि, दिल्ली-एनसीआर के लोगों को इस वीकेंड पर गर्मी से राहत मिल सकती है। बुधवार को न्यूनतम तापमान में मामूली कमी आई। लेकिन, नमी का स्तर बीते मंगलवार की तुलना में अधिक रहा। इसकी वजह से भले अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री रहा, लेकिन लोगों ने 50.8 डिग्री वाली गर्मी महसूस की। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री रहा। लगातार तीसरे दिन राजधानी में कुछ जगहों पर लू की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग का कहना है कि,दिल्ली-एनसीआर के कुछ क्षेत्रों में 14 से 17 जून तक तापमान में थोड़ी कमी आएगी। इस दौरान रात को हल्की बारिश की संभावना है। बारिश की गतिविधियां 16 और 17जून को अधिक होंगी। 14 और 16 जून को आंधी के दौरान हवाओं की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। 14 से 17 जून के बीच अधिकतम तापमान 37 से 42 और न्यूनतम 26 से 29 डिग्री तक रह सकता है।
निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर का कहना है कि, दिल्ली-एनसीआर के तापमान में गुरुवार-शुक्रवार को मामूली बदलाव देखने को मिल सकता हैं, लेकिन अगले 2-3 दिनों में पारा अचानक नीचे नहीं आएगा। वीकेंड तक तापमान में लगभग 2 डिग्री की गिरावट आ सकती है। इस समय पंजाब और आस-पास के सीमावर्ती क्षेत्रों पर एक कमजोर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। आमतौर पर दिल्ली के पास बनने वाली पूर्व-पश्चिम की ट्रफ लाइन इस समय सक्रिय नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ भी बहुत कमजोर है और पर्वतीय क्षेत्रों में ही सीमित है, इसलिए यह दिल्ली और मैदानी इलाकों के मौसम पर कोई असर नहीं डाल रहा है।
हालांकि पिछले तीन दिनों में बढ़ी हुई गर्मी से प्री-मानसून गतिविधियों की संभावना को बढ़ा दिया है। लेकिन अगले 3-4 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। दिल्ली आने वाले दिनों में भी तेज गर्मी की चपेट में बनी रहेगी। हालांकि, वीकेंड तक तेज और शुष्क गर्मी थोड़ी कम हो सकती है और उसकी जगह उमस भरे हालात ले सकते हैं। वहीं, इस दौरान दिन का तापमान थोड़ा कम हो सकता है, लेकिन रातें गर्म और चिपचिपी रहेंगी।