भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला नासा के एक्सिओम-4 अंतरिक्ष मिशन पूरा करने के बाद रविवार तड़के स्वदेश लौट आए। नई दिल्ली एयरपोर्ट पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बड़ी संख्या में मौजूद छात्रों ने उनका भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट पर शुभांशु की पत्नी कामना शुक्ला का भी विशेष अभिनंदन किया गया।
शुक्ला के साथ भारत के गगनयान मिशन के लिए चुने गए अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर भी भारत लौटे, जो आईएसएस मिशन में बैकअप के रूप में नामित थे।
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला 25 जून को अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से रवाना हुए एक्सिओम-4 निजी मिशन का हिस्सा रहे। 26 जून को आईएसएस से जुड़ने के बाद उन्होंने अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री पैगी व्हिटसन, पोलैंड के स्लावोज उजनांस्की-विस्निवस्की और हंगरी के टिबोर कापु के साथ 18 दिन के प्रवास में 60 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग और 20 जनसंपर्क सत्र पूरे किए। वह 15 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे थे।
“भारत का गौरव” : जितेंद्र सिंह
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इसे भारत और इसरो के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा—“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे संभव बनाने वाली सरकार का यह आभार का क्षण है। भारत का अंतरिक्ष गौरव आज भारतीय धरती पर लौट आया।”
उन्होंने आगे बताया कि शुक्ला के साथ लौटे प्रशांत नायर भी समान रूप से कुशल हैं और भारत के पहले मानव मिशन गगनयान में शामिल चयनित दल का हिस्सा हैं।





