दिल्ली से पुणे जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट में शुक्रवार को पक्षी टकरा गया। इस वजह से एयरलाइन को अपनी वापसी की यात्रा रद्द करनी पड़ी। एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और पक्षी टकराने का पता पुणे में उतरने के बाद चला। आगे एयरलाइन ने कहा कि विमान को आगे की यात्रा के लिए रोक दिया गया। इंजीनियरिंग टीम की ओर से विमान की व्यापक जांच की जा रही है। एयरलाइन ने कहा, ’20 जून को पुणे से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली AI-2470 को पक्षी टकराने के कारण रद्द कर दिया गया है, जिसका पता आने वाली फ्लाइट के पुणे में सुरक्षित उतरने के बाद चला।’एयरलाइन ने यह भी कहा कि वह फंसे हुए यात्रियों के लिए रुकने की व्यवस्था और भोजन उपलब्ध कराने सहित सभी व्यवस्थाएं कर रही है। यात्रियों को टिकट रद्द करने पर पैसों की वापसी या यात्रा को फिर से र्निर्धारित करने वाले विकल्प की पेशकश की जा रही है। साथ ही यात्रियों के लिए दिल्ली जाने की वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।इस बीच एअर इंडिया ने आज अपनी कई उड़ान सेवाएं रद्द कर दी हैं। एयरलाइन की ओर से अब तक चार अंतरराष्ट्रीय उड़ानों समेत आठ फ्लाइट्स को रद्द करने की सूचना दी गई है। एयरलाइन ने बताया कि शुक्रवार को रखरखाव और परिचालन संबंधी कारणों से एअर इंडिया ने चार अंतरराष्ट्रीय सेवाओं सहित आठ उड़ानें रद्द कर दी हैं। यात्रियों के लिए जल्द से जल्द अपने गंतव्यों तक उड़ान भरने के लिए ग्राउंड पर उसकी टीमें वैकल्पिक व्यवस्था कर रही हैं।