Top 5 This Week

Related Posts

दहेज उत्पीड़न और मारपीट का आरोप, पति समेत पांच के खिलाफ शिकायत

हल्द्वानी। दहेज की मांग, मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न तथा मारपीट से परेशान एक महिला ने पति, सास-ससुर और ननदों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि विवाह के कुछ माह बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा और विरोध करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी जाती रही।

तहरीर के अनुसार संजना गोस्वामी का विवाह वर्ष 2025 में चम्पावत निवासी अभिषेक गिरी गोस्वामी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के बाद पति अभिषेक, सास हेमा देवी, ससुर तथा ननद ममता, प्रियंका और प्रीति गोस्वामी पर दहेज की मांग करने और लगातार उत्पीड़न करने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि पहले भी मामले की शिकायत चम्पावत कोतवाली में की गई थी, जहां समझौते और भविष्य में प्रताड़ित न करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद उत्पीड़न जारी रहा।
महिला ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान उसे 13 जुलाई को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 14 जुलाई को ऑपरेशन के माध्यम से बच्चे का जन्म हुआ। इसके बाद वह नवजात शिशु के साथ हल्द्वानी स्थित एक गेस्ट हाउस में रह रही थी। आरोप है कि 18 जुलाई को ससुराल पक्ष के लोग वहां पहुंचे और विवाद किया। वहीं 22 जुलाई को पति और सास ने उसकी मां की मौजूदगी में गाली-गलौज और मारपीट की।

पीड़िता ने पुलिस से मेडिकल परीक्षण कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Popular Articles