Friday, October 18, 2024

Top 5 This Week

Related Posts

दशहरा रैली से दोनों शिवसेना ने फूंका चुनावी बिगुल

शनिवार को मुंबई में आयोजित हुईं दो दशहरा रैलियों पर सभी की निगाहें रहीं। दरअसल ये रैलियां सत्ताधारी शिवसेना और विपक्षी शिवसेना यूबीटी की थीं, जिन्हें क्रमशः सीएम एकनाथ शिंदे और पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने संबोधित किया। महाराष्ट्र चुनाव से कुछ हफ्ते पहले हुईं इन रैलियों से आगामी विधानसभा चुनाव में क्या मुद्दे अहम रहेंगे और किनकी चर्चा सुनाई देगी, उनका अंदाजा हो गया। शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मुंबई पार्क में आयोजित हुई दशहरा रैली में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना पर धोखा देने का आरोप लगाया और शिंदे की शिवसेना को नकली शिवसेना करार दिया। रैली के दौरान उद्धव ने स्क्रीन पर अपने 2019 में सीएम पद की शपथ लेने के वीडियो को भी चलाया और अपने विरोधियों को चेतावनी दी। उद्धव ठाकरे ने कहा कि ‘एक बार स्वर्गीय रतन टाटा ने मुझसे कहा था कि जेआरडी टाटा ने उन पर विश्वास करके उन्हें टाटा ग्रुप की विरासत सौंपी थी। ऐसे ही बालासाहब ने आपको चुना है क्योंकि उन्होंने आपको विश्वासपात्र माना।’ उद्धव ने भाजपा पर भी जमकर निशाना साधा और कहा कि भाजपा को अपने आप को भारतीय कहने में भी शर्म आनी चाहिए। उन्होंने भाजपा की तुलना कौरवों से की और उन पर अहंकारी होने का आरोप लगाया।

उद्धव ठाकरे ने शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने का मुद्दा भी उठाया और कहा कि ‘महायुति सरकार ने सिर्फ वोटों के लिए शिवाजी महाराज की प्रतिमा लगवाई, लेकिन वो प्रतिमा गिर गई। हम जब सत्ता में आएंगे तो हर जिले में छत्रपति शिवाजी महाराज के मंदिर बनवाएंगे। शिवाजी महाराज हमारे लिए भगवान हैं और हम उनके मंदिर बनवाएंगे। वहीं उनके (महायुति) लिए शिवाजी महाराज वोटबैंक हैं।’

महाराष्ट्र में अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता बाबा सिद्दीकी की शनिवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। मुंबई पुलिस के मुताबिक, अज्ञात बंदूकधारियों ने हमला किया। आनन-फानन में बाबा सिद्दीकी को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचाने में कामयाब नहीं हो सके। पुलिस ने दो हमलावरों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। बाबा सिद्दीकी की मौत पर फिल्म अभिनेता रितेश देशमुख ने दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘बाबा सिद्दीकी के अचानक निधन से सदमे में हूं और इस दुख को शब्दों में बयां नहीं कर सकता। मेरी जीशान और उनके पूरे परिवार के प्रति संवेदनाएं हैं। भगवान उन्हें इस मुश्किल समय को सहने की हिम्मत दे। इस भयावह अपराध के दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।’बाबा सिद्दीकी की मौत पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि ‘बाबा सिद्दीकी जी का अचानक निधन चौंकाने और दुखी करने वाला है। इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। इस भयावह घटना ने महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए और न्याय होना चाहिए।’ बता दें कि बाबा सिद्दीकी कई वर्षों तक कांग्रेस के सदस्य रहे और इस साल फरवरी में ही उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर एनसीपी का दामन थामा था।

Popular Articles