तेलंगाना सरकार ने प्रसिद्ध कवि अंदे श्री द्वारा लिखित ‘जय जय ही तेलंगाना’ को राज्य गीत के रूप में मंजूरी दी है। राज्य के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। राज्य के प्रतीक से चारमीनार और काकतीय वंश के आर्क को हटाने के सरकार के कथित कदम पर बीआरएस और एआईएमआईएम की ओर से आपत्ति जताए जाने के बीच सरकार ने यह भी कहा कि इस संबंध में कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलंगाना प्रतीक और तेलंगाना तल्ली प्रतिमा पर अंतिम फैसला विधानसभा में चर्चा के बाद ही लिया जाएगा ताकि किसी गलतफहमी या झूठे प्रचार की कोई जगह न रहे। गुरुवार रात जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य गीत 2 जून को राज्य स्थापना दिवस के भव्य समारोह के दौरान जारी किया जाएगा। रेवंत रेड्डी ने कहा कि सरकार ने सभी हितधारकों की स्वीकृति के बाद गीत को मंजूरी दे दी, जिसमें तेलंगाना के गठन के लिए संघर्ष को दर्शाया गया है, ताकि आने वाली पीढ़ियां ‘तेलंगाना के शहीदों’ (तेलंगाना राज्य के लिए अपना जीवन बलिदान करने वाले) के बलिदान को याद रखें और हमेशा के लिए गीत गाएं। अंदे श्री ने कहा कि उन्होंने 20 साल पहले जो गीत लिखा था, उसे बिना किसी बदलाव के राज्य गीत के रूप में स्वीकार कर लिया गया है। ऑस्कर विजेता संगीत निर्देशक एमएम कीरावनी ने संगीत तैयार किया और गीत गाया। मुख्यमंत्री द्वारा राज्य विधान परिषद के सभापति गुट्टा सुखेंद्र रेड्डी, विधानसभा अध्यक्ष गद्दाम प्रसाद, राज्य के मंत्रियों एंडे श्री, केरावनी, भाकपा विधायक के संबाशिवराव, माकपा के राज्य सचिव टी वीरभद्रम और राज्य के आंदोलन के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रोफेसर कोदंडराम सहित अन्य के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।





