Monday, February 3, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

डिजिटल व तकनीकी नवाचार से भारत में हुए बड़े बदलाव

संयुक्त राष्ट्र महासभा अध्यक्ष फिलेमोन यांग ने कहा कि भारत ने पिछले दशक में उल्लेखनीय परिवर्तनों का अनुभव किया है। चार दिवसीय भारत दौरे से पूर्व यांग ने कहा कि आगामी यात्रा में उन्हें यह देखने का अवसर मिलेगा कि कैसे डिजिटल व तकनीकी नवाचार ने इन बदलावों को बढ़ावा दिया। यांग संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 79वें सत्र के अध्यक्ष के रूप में 4-8 फरवरी तक भारत की पहली आधिकारिक यात्रा पर होंगे। यांग ने यात्रा से पहले खास बातचीत में कहा, दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र, 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था व विश्व की 20 प्रतिशत आबादी का घर होने के नाते भारत संयुक्त राष्ट्र का एक महत्वपूर्ण सदस्य है। यांग ने कहा कि वह बहुपक्षवाद के भविष्य के लिए भारत की प्राथमिकताओं व दृष्टिकोण को और अधिक गहराई से समझने के लिए उत्सुक हैं।मध्य अफ्रीकी देश कैमरून के प्रधानमंत्री के रूप में वर्ष 2013 में अपनी भारत यात्रा को याद करते हुए यांग ने कहा कि तब से अब तक भारत में उल्लेखनीय परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने कहा, यह यात्रा वैश्विक दक्षिण में सतत विकास को आगे बढ़ाने में सूचना साझा करने तथा क्षमता निर्माण के महत्व को भी उजागर करेगी।

भारत ने अपने दक्षिण-दक्षिण सहयोग के माध्यम से कई मामलों में नेतृत्व किया है। यांग ने कहा कि भारत के लोगों, खास तौर पर भारत के युवाओं के लिए उनका संदेश आत्मविश्वास व महत्वाकांक्षा है। असाधारण काम में आत्मविश्वास व महत्वाकांक्षा कि सामूहिक रूप से हमारी दुनिया को बेहतर बनाने के लिए हमेशा और काम करना है। भारत यात्रा के दौरान यांग राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर समेत अन्य नेताओं से बातचीत करेंगे।

 

Popular Articles