अमेरिका से रूस के तेल खरीद को लेकर चल रहे ट्रेड वार के बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर 21 अगस्त को रूस पहुंचेंगे। मॉस्को में वे अपने समकक्ष सर्गेई लावरोव से द्विपक्षीय एजेंडे और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा करेंगे। रूस के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी पुष्टि की।
यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब हाल ही में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने रूस जाकर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगु से मुलाकात की थी। उस दौरान ऊर्जा और रक्षा सहयोग पर व्यापक वार्ता हुई थी। डोभाल ने पुष्टि की थी कि पुतिन इस साल के अंत तक भारत का दौरा करेंगे।





