Monday, August 11, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

टैरिफ पर ट्रंप से तल्खियों के बीच डोभाल का रूस दौरा

भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने रूस के प्रथम उपप्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव के साथ द्विपक्षीय सैन्य-तकनीकी संबंधों पर विमर्श किया। दोनों नेताओं ने रणनीतिक क्षेत्रों में संयुक्त परियोजनाओं के कार्यान्वयन पर भी चर्चा की। डोभाल द्विपक्षीय ऊर्जा व रक्षा संबंधों पर महत्वपूर्ण वार्ता करने तथा इस वर्ष के अंत में राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा की तैयारी के लिए रूस में हैं। भारत स्थित रूसी दूतावास के अनुसार, डोभाल व मंतुरोव की मुलाकात शुक्रवार को हुई। दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, बैठक के दौरान भारत-रूस के बीच सैन्य-तकनीकी सहयोग से जुड़े मौजूदा मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही असैन्य विमान निर्माण, धातु उद्योग और रासायनिक उद्योग जैसे अन्य रणनीतिक क्षेत्रों में संयुक्त परियोजनाओं को लागू करने पर भी बातचीत हुई। डोभाल ने बृहस्पतिवार को क्रेमलिन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की थी। उन्होंने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की थी। डोभाल ने बाहरी दबाव के बावजूद रूस के साथ सभी मोर्चों पर सहयोग जारी रखने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई थी। सूत्रों के अनुसार, डोभाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राष्ट्रपति पुतिन को इस वर्ष के अंत में भारत आने का निमंत्रण दिया। पुतिन ने आभार के साथ निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।

डोभाल की यात्रा ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश जारी करके रूस से तेल खरीदने पर भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त शुल्क लगाया है। इसके बाद कुल शुल्क 50 फीसदी हो गया है।

Popular Articles