Tuesday, March 3, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

जौलीग्रांट में हाथी ने छीन ली मासूम की जान

जौलीग्रांट क्षेत्र में हाथी के हमले में मारे गए छठवीं कक्षा के छात्र कुनाल की शुक्रवार को गमगीन माहौल में अंत्येष्टि कर दी गई। गुरुवार शाम कालू सिद्ध मंदिर के पीछे स्थित वनमार्ग पर हाथी ने 12 वर्षीय कुनाल पर अचानक हमला कर दिया था। हाथी ने उसे जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल व्याप्त है।

शुक्रवार सुबह जब छात्र का शव पोस्टमार्टम के बाद उनके निवास स्थान कोठारी मोहल्ला, जौलीग्रांट पहुंचा तो घर में कोहराम मच गया। मासूम के शव को देखते ही माता-पिता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पड़ोसी, रिश्तेदार और गांव के लोग भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध थे। भारी भीड़ और शोकपूर्ण वातावरण के बीच कुनाल का अंतिम संस्कार किया गया।

इसी बीच शुक्रवार सुबह कालूवाला वनमार्ग पर गश्त के दौरान एक वनकर्मी पर भी हाथी ने दौड़कर हमला करने की कोशिश की। वनकर्मी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। बढ़ते खतरे को देखते हुए स्थानीय विधायक के निर्देश पर थानो रेंज के अधिकारियों ने कालूसिद्ध–धन्याड़ी वनमार्ग के दोनों ओर खाई खोदकर मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया, ताकि लोगों और वनकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। डीएफओ नीरज शर्मा और रेंजर एन.एल. डोभाल ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और सुरक्षा इंतजाम कड़े करने की बात कही।

दुर्घटना के बाद से वन विभाग की टीम लगातार पीड़ित परिवार के साथ रही। थानो रेंजर एन.एल. डोभाल तुरंत जौलीग्रांट अस्पताल पहुंचे और परिजनों को राहत राशि का चेक सौंपा। शुक्रवार को पंचनामा, देहरादून में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया और बाद में अंत्येष्टि तक वन विभाग की पूरी टीम मौजूद रही। अंतिम संस्कार की व्यवस्था भी स्वयं रेंजर डोभाल ने संभाली।

इस दौरान जूनियर हाई स्कूल कोठारी मोहल्ला के प्रधानाचार्य अनिरुद्ध सोलंकी, सभासद राजेश भट्ट, अर्जुन रावत, गुड्डू चौहान, बालम सिंह, तेजवीर रावत और राकेश डोभाल सहित कई लोग मौजूद रहे।
कुनाल की दर्दनाक मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और लोगों में वनमार्गों पर सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है।

Popular Articles