Friday, February 13, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

जमरानी की ब्लास्टिंग की धमक पहुंची मकानों तक: पड़ गईं दरारें, इस गांव के दस घरों को खतरा

भीमताल ब्लॉक की पनिया मेहता तोक में खत्री खाड़ गांव के 10 मकान दरारें आने से खतरे की जद में आ गए हैं। घर, आंगन और खेतों में दरारें दिखने लोग दहशत में हैं। हालात यह हैं कि लोग अब रात को सो नहीं पा रहे हैं। बांध निर्माण का काम शुरू होने के बाद एकाएक आई दरारें अब चौड़ी हो रही हैं। बांध निर्माण में हो रही ब्लास्टिंग को ग्रामीण इसकी वजह बता रहे हैं।

गांव की तुलसी देवी, गोविंद बल्लभ, हरीश चंद्र पलड़िया, महेश चंद्र, देवकी नंदन, शिवदत्त के मकानों में दरारें साफ दिख रही हैं। उनका कहना था कि कुछ दिनों से दरारें दिख रही थीं। दरारें छोटी थीं तो पहले कुछ समझ नहीं आया और उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। मगर पिछले कुछ दिनों से एक के बाद एक लगातार 10 घरों में दरारें आने से लोग अब परेशान हैं। घरों की दरारें चौड़ी हो रही हैं। उनका कहना है कि घरों में सोने में भी अब डर महसूस हो रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि जमरानी बांध टनल आदि कामों में ब्लास्टिंग और सड़क कटिंग की जा रही है। इसके बाद से ही मकानों में दरारें आना शुरू हुई हैं। ब्लास्टिंग बढ़ने के साथ ही दरारें भी चौड़ी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले कभी ऐसी स्थिति नहीं आई कि 10 मकानों में एक साथ दरारें दिखी हों। किसी भी मकान में पहले दरार नहीं आईं थीं।

Popular Articles