Friday, July 4, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

छह महीने बाद पृथ्वी पर सुरक्षित लौटे चीनी अंतरिक्ष यात्री

 

पृथ्वी की निचली कक्षा में अंतरिक्ष केंद्र बना रहे चीन को अपने मिशन शेनझोउ 18 में बड़ी कामयाबी मिली है। चीन की महत्वाकांक्षी परियोजना शेनझोउ-18 के तहत अंतरिक्ष में गए तीन अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर लौट आए हैं। चीन की मानवयुक्त अंतरिक्ष एजेंसी (सीएमएसए) के मुताबिक चीन के अंतरिक्ष यान शेनझोउ -18 का कैप्सूल तीनों अंतरिक्ष यात्री कमांडर ये गुआंगफू, ली कांग और ली गुआंगसु को लेकर बीजिंग समयानुसार सुबह 1.24 बजे उत्तरी चीन के इनर मंगोलिया के डोंगफेंग में सुरक्षित उतरा। चीन की अंतरिक्ष एजेंसी के मुताबिक तीनों अंतरिक्ष यात्री 192 तक दिन तक निचली कक्षा में रहे और उसका शेनझोउ-18 मानवयुक्त मिशन सफल रहा। इसके साथ ही मिशन के कमांडर ये गुआंगफू ने भी नया रिकॉर्ड कायम किया है। वह एक वर्ष से अधिक समय तक अंतरिक्ष में रहने वाले पहले चीनी अंतरिक्ष यात्री बन गए हैं। इससे पहले वह अक्तूबर 2021 से अप्रैल 2022 तक चीन के शेनोझोउ 13 मिशन में भी शामिल रहे चुके हैं। अंतरिक्ष में गए एक और यात्री ली गुआंगसू ने बताया कि मिशन के दौरान उन्होंने दो प्रकार के पौधे उगाए। इसमें चेरी टमाटर और सलाद पत्ता शामिल रहे। उन्होंने भोजन के लिए कुछ सलाद पत्ते भी एकत्र किए थे। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अंतरिक्ष में ताजी सब्जियां खाना एक वरदान है। हरे पौधों ने हमारे व्यस्त काम में भी हरियाली और खुशियां बिखेरीं।

चीन ने अपने मानव युक्त मिशन शेनझोउ 18 को इस साल अप्रैल में लाॅन्च किया था। इस मिशन के दौरान शेनझोउ-18 चालक दल ने वैज्ञानिक प्रयोग कैबिनेट और अतिरिक्त पेलोड का उपयोग सूक्ष्मगुरुत्व, अंतरिक्ष पदार्थ विज्ञान, अंतरिक्ष जीवन विज्ञान, अंतरिक्ष चिकित्सा और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में बुनियादी भौतिकी के क्षेत्रों में दर्जनों प्रयोग करने के लिए किया। तीनों की तीन अन्य चीनी अंतरिक्ष यात्रियों ने मदद भी की। चीन हर छह महीने में अपने चालक दल को बदल देता है।

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से बाहर किए जाने के बाद चीन ने अपना खुद का अंतरिक्ष स्टेशन बनाया। इसका संचालन पीपुल्स लिबरेशन आर्मी – चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की सैन्य शाखा करती है। चीन के अंतरिक्ष केंद्र में दो रोबोटिक भुजाएं हैं। इसमें एक लंबी भुजा में अंतरिक्ष से उपग्रहों सहित अन्य वस्तुओं को पकड़ने की क्षमता है। इसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता पैदा कर दी थी। हाल ही में चीन ने अंतरिक्ष कार्यक्रमों के आगे विकास के लिए अपनी योजनाओं की घोषणा की थी। जिसमें अगले कुछ दशकों में चीन के लिए मानवयुक्त चंद्र मिशन का प्रक्षेपण, चंद्र अंतरिक्ष स्टेशन का निर्माण, रहने योग्य ग्रहों और बाह्य-ग्रहीय जीवन की खोज शामिल है।

Popular Articles