पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को गुप्त तरीके से धन देने के मामले में डोनाल्ड ट्रंप को रिकॉर्ड में हेराफेरी करने के 34 आरोपों के तहत गुरुवार को दोषी पाया गया। इसी के साथ वह किसी गंभीर अपराध के लिए दोषी ठहराए गए अमेरिका के पहले पूर्व राष्ट्रपति बन गए। हालांकि अब उनकी सजा से चीन में हड़कंप मच गया है। यहां के लोगों में पूर्व राष्ट्रपति की सजा को लेकर जिज्ञासा बनी हुई है। अमेरिका और चीन के रिश्तों में तनातनी की खबरें किसी से छिपी नहीं है। एक उभरती सत्तावादी महाशक्ति के रूप में चीन ने लंबे समय से अपनी राजनीतिक प्रणाली को अमेरिकी लोकतंत्र से बेहतर के रूप में पेश करने की कोशिश की है। अब ट्रंप की सजा ने इसे कहीं न कहीं साबित कर दिया है। दरअसल, कई महीनों से चीनी प्रचारक ट्रंप की कानूनी चुनौतियों को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं। मामले को एक खास मुद्दा बनाकर वह अमेरिका के खिलाफ बीजिंग की चाल को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। इतना ही नहीं, बल्कि लंबी कानूनी लड़ाई को अमेरिकी राजनीति में ध्रुवीकरण का सबूत बता रहे हैं। 77 साल के ट्रंप पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं, जिन्हें अपराधी घोषित किया गया है। हालांकि, ट्रंप ने अपने खिलाफ चलाए जा रहे इस मुकदमे को अपमानजनक और धांधलीपूर्ण बताया। उन पर साल 2016 में व्हाइट हाउस में आने से पहले पूर्व पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स के साथ अपने यौन संबंधों को छिपाने के लिए व्यापारिक रिकॉर्ड में हेराफेरी करने का आरोप है। इस मामले में 34 आरोप, 11 चालान, 12 वाउचर और 11 चेक पेश किए गए।