उत्तराखंड एक बार फिर बादल फटने की आपदा से दहला। शुक्रवार देर रात चमोली जिले की थराली तहसील के चेपड़ों कस्बे में अचानक मूसलाधार बारिश और बादल फटने की घटना ने भारी तबाही मचाई। बरसाती गदेरों के उफान से पूरा बाजार मलबे में दब गया और कई मकान जमींदोज हो गए। दो लोगों के लापता होने की सूचना है।
राड़ीबगड़ क्षेत्र में भी गदेरा उफान पर आ गया, जिससे एसडीएम आवास मलबे में दब गया और कई घरों में मलबा घुस गया। हालात को देखते हुए अधिकारियों ने रातों-रात अपने आवास खाली कर सुरक्षित स्थानों पर शरण ली। कई वाहनों के भी मलबे में दबने की जानकारी है।
आपदा के बाद का दृश्य बेहद दर्दनाक है। स्थानीय लोगों की रोज़गार के साधन और जीवनभर की पूंजी बर्बाद हो गई है। जिला प्रशासन ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी संदीप तिवारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मलबा हटाने और फंसे लोगों को निकालने में जुटी हुई हैं। हरमनी के पास मार्ग को फिलहाल सुचारु कर दिया गया है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए थराली, देवाल और नारायणबगड़ ब्लॉकों के सभी विद्यालय आज बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अधिकारियों से संपर्क करें।





