Wednesday, March 4, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

चमोली में बादल फटा: छह घर जमींदोज, सात लोग लापता

चमोली। उत्तराखंड के पहाड़ एक बार फिर प्राकृतिक आपदा की चपेट में आ गए। बुधवार रात चमोली जिले के नगर पंचायत नंदानगर के कुन्तरि लगाफाली वार्ड में बादल फटने से तबाही मच गई। देखते ही देखते मलबे की चपेट में आकर छह मकान पूरी तरह जमींदोज हो गए। इस आपदा में सात लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

जिला मजिस्ट्रेट संदीप तिवारी ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मौके पर एसडीआरएफ की टीम पहुंच चुकी है, वहीं एनडीआरएफ की टीम गोचर से नंदप्रयाग के लिए रवाना हो गई है। सीएमओ की ओर से भी मेडिकल टीम और तीन 108 एम्बुलेंस घटनास्थल पर भेजी गई हैं।

स्थानीय प्रशासन ने बताया कि नंदानगर तहसील के धुर्मा गांव में भी भारी वर्षा के कारण चार से पांच मकानों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि यहां जनहानि की कोई खबर नहीं है। इधर, मोक्ष नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है, जिससे निचले इलाकों में खतरा बना हुआ है।

आपदा की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में बचाव दल लगातार मलबा हटाने और लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। घटनास्थल पर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई है, जिससे माहौल गमगीन है।

उधर, मौसम विभाग की चेतावनी और पर्वतीय क्षेत्रों में जारी बारिश के मद्देनजर देहरादून जिले में गुरुवार को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

Popular Articles