Wednesday, October 22, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

चमोली ब्रेकिंग: बदरीनाथ के पास कंचनगंगा के ऊपर कुबेर पर्वत से टूटा ग्लेशियर, इलाके में मची अफरातफरी

बदरीनाथ (चमोली) उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बार फिर ग्लेशियर टूटने की घटना सामने आई है। शुक्रवार को बदरीनाथ धाम के पास कंचनगंगा के ऊपर स्थित कुबेर पर्वत से ग्लेशियर का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गया। इस घटना से आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोग दहशत में आ गए। सौभाग्य से अब तक किसी भी तरह के नुकसान या जनहानि की खबर नहीं है।

सूत्रों के अनुसार, टूटा हुआ हिस्सा कंचनगंगा नाले में आकर गिरा, जिससे नाले का जलस्तर कुछ देर के लिए बढ़ गया। स्थानीय प्रशासन और बदरीनाथ पुलिस चौकी की टीमें सतर्क हो गई हैं। क्षेत्र में एहतियातन निगरानी बढ़ा दी गई है।

एसडीएम बदरीनाथ चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि “कुबेर पर्वत से ग्लेशियर और कुछ चट्टानें टूटकर नीचे आई हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। प्रशासन क्षेत्र की लगातार निगरानी कर रहा है।”

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

कुबेर पर्वत क्षेत्र में ग्लेशियर टूटने की यह पहली घटना नहीं है। उच्च हिमालयी इलाकों में अक्सर ऐसे प्राकृतिक बदलाव देखने को मिलते हैं।
इसी साल 28 फरवरी 2025 को भारत-चीन (तिब्बत) सीमा के पास माणा कैंप क्षेत्र में भारी हिमस्खलन हुआ था। उस समय बर्फबारी के बीच हुए हादसे में निर्माण कार्य में लगे 55 मजदूर बर्फ में दब गए थे

इसके अलावा, फरवरी 2021 में चमोली जिले के रैणी गांव में ग्लेशियर टूटने से आई भीषण आपदा को आज भी लोग नहीं भूल पाए हैं। उस घटना में ऋषिगंगा नदी में अचानक आई बाढ़ ने तबाही मचा दी थी, जिसमें 206 लोगों की मौत हो गई थी।

प्रशासन सतर्क, पर्यटकों से एहतियात बरतने की अपील

बदरीनाथ क्षेत्र में लगातार हो रही बर्फबारी और ग्लेशियरों की हलचल को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों और तीर्थयात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और मौसम पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

Popular Articles