Saturday, February 14, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

चमोली बादल फटना : नंदानगर में युद्धस्तर पर रेस्क्यू, महिला का शव बरामद, 7 लोग अब भी लापता

चमोली।
जनपद के नंदानगर ब्लॉक में बुधवार देर रात आई आपदा के बाद राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मलबा काटते और तोड़ते हुए फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। शुक्रवार को बचाव दल ने मलबे से एक महिला का शव बरामद किया है। अब तक दो शव निकाले जा चुके हैं, जबकि सात लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
देर रात बादल फटने से मचा हाहाकार
बुधवार की रात करीब दो बजे बिनसर पहाड़ी की चोटी पर बादल फटने और अतिवृष्टि से भारी तबाही हुई। पहाड़ से उमड़ा पानी और मलबा फाली लगा कुंतरी, सैंती लगा कुंतरी और धुर्मा गांव पर टूट पड़ा। घटना के समय कई लोग सो रहे थे, लेकिन बिजली की कड़क सुनते ही कुछ ग्रामीण सतर्क हो गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भाग निकले।
एक ही परिवार के चार सदस्य लापता
फाली लगा कुंतरी गांव में एक ही परिवार के पति-पत्नी और दो बच्चे मलबे की चपेट में आकर लापता हो गए। वहीं धुर्मा गांव से दो बुजुर्गों के लापता होने की पुष्टि हुई है। अब तक नरेंद्र और जगदंबा प्रसाद नामक दो ग्रामीणों के शव मलबे से निकाले गए हैं।

10 मकान जमींदोज, मवेशी भी बह गए
आपदा में 10 आवासीय मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए हैं। इसके अलावा मोक्ष गदेरा उफान पर आ जाने से सेरा गांव में आठ मकान बह गए। प्रभावित गांवों में बड़ी संख्या में मवेशियों के भी बहने की सूचना है। चारों ओर फैले मलबे और टूटी संरचनाओं के बीच लोग अपने परिजनों की तलाश में भटकते रहे।
प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
घटना की सूचना तड़के तीन बजे जिला आपदा कंट्रोल रूम तक पहुंची। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया। जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार स्वयं राहत-बचाव कार्यों की निगरानी के लिए पूरे दिन प्रभावित क्षेत्र में डटे रहे। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार मलबा हटाने और लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं।
16 घंटे बाद जिंदा निकाला गया ग्रामीण
इस आपदा में एक बड़ी राहत की खबर गुरुवार देर शाम आई, जब करीब 16 घंटे बाद एक ग्रामीण को जिंदा मलबे से बाहर निकाला गया। हालांकि अन्य लापता लोगों के परिवारजन अब भी उम्मीद और बेचैनी के बीच इंतजार कर रहे हैं।
नंदानगर क्षेत्र में प्रशासन ने राहत शिविर स्थापित किए हैं। प्रभावितों को भोजन, पानी और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

Popular Articles