Thursday, March 5, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

चमोली के कोटी गांव में मिला चार सींग वाला खाडू, नंदा देवी राजजात से जोड़ा जा रहा प्रतीकात्मक संबंध

उत्तराखंड के चमोली जिले के कोटी गांव में इन दिनों एक अलौकिक जन्म चर्चा का विषय बना हुआ है। गांव के निवासी हरीश लाल के घर में जन्मा चार सींग वाला मेंढा (खाडू) लोगों की धार्मिक आस्था और उत्सुकता का केंद्र बन गया है। करीब पांच माह पूर्व जन्मे इस खाडू के चार सींग विकसित होते देख स्थानीय लोग इसे श्रीनंदा देवी राजजात यात्रा का संभावित अगुवा मान रहे हैं।
गौरतलब है कि श्रीनंदा देवी राजजात यात्रा में अगुवाई करने वाला मेंढा (खाडू) विशेष धार्मिक महत्व रखता है, जिसे देवी का प्रतीक माना जाता है। परंपरा के अनुसार, चार सींग वाले खाडू का जन्म शुभ संकेत माना जाता है और देवी की कृपा से ही वह अगुवाई का सौभाग्य प्राप्त करता है।
समिति का स्पष्ट रुख: चयन परंपरा और शास्त्रों के अनुसार ही होगा

हालांकि, श्रीनंदा देवी राजजात समिति के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुँवर ने स्पष्ट किया कि यात्रा में प्रयुक्त मेंढा, सामग्री और अनुष्ठान का चयन केवल परंपरा और शास्त्र सम्मत प्रक्रिया के अनुसार ही किया जाता है। अभी तक देवी यात्रा की केवल एक अनुष्ठानिक प्रक्रिया — मौडवी — ही सम्पन्न हो पाई है। अतः किसी भी पूर्व-निर्णय पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
20 वर्षों में पहली बार ऐसा जन्म

कोटी निवासी हरीश लाल और उनके पुत्र गौरव ने बताया कि वे पिछले दो दशकों से भेड़-बकरी पालन कर रहे हैं, लेकिन पहली बार चार सींग वाला मेंढा देखा है। उन्हें इस विशेषता की जानकारी दो सप्ताह पहले मिली जब उन्होंने उसके चार सींग उभरते देखे। उन्होंने समिति को यह प्रस्ताव दिया है कि यदि परंपराएं अनुमति दें तो वह इस मेंढे को नि:शुल्क देवी यात्रा के लिए समर्पित करने को तैयार हैं।
कोटी गांव का धार्मिक महत्व
कोटी गांव न केवल मां नंदा देवी मंदिर का स्थल है, बल्कि हिमालयी महाकुंभ कही जाने वाली श्रीनंदा देवी राजजात यात्रा का पांचवां प्रमुख पड़ाव भी है। ऐसे में इस खाडू का यहां जन्म लेना कई श्रद्धालुओं के लिए सांकेतिक और आध्यात्मिक रूप से विशेष माना जा रहा है।

Popular Articles