Saturday, February 14, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

चमोली: एक शव बरामद, 12 लोग लापता, दो ग्रामीणों का हेली से रेस्क्यू

चमोली ज़िले के नंदानगर विकासखंड में बुधवार रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। घाट तहसील के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में मलबे और तेज़ पानी की धार ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। प्रशासन के मुताबिक अब तक एक शव बरामद किया जा चुका है, जबकि 12 लोगों के लापता होने की पुष्टि हुई है। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
आधी रात को आया कहर
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात करीब एक बजे नंदानगर क्षेत्र के फाली लगा कुंतरी, सैंती लगा कुंतरी, धुरमा और सेरा गांवों में अचानक बादल फटने से मलबा और बरसाती पानी घरों पर टूट पड़ा। तेज़ बारिश और बिजली गिरने से कई मकान जमींदोज हो गए। हादसे के दौरान लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागे। रात तीन बजे के आसपास कुंतरी लगा फाली गांव में मलबे में दबे घरों से पुलिस और डीडीआरएफ की टीमों ने दो महिलाओं और एक बच्चे को सुरक्षित निकाला।

सबसे अधिक नुकसान कुंतरी लगा फाली में

आपदा का सबसे अधिक असर ग्राम कुंतरी लगा फाली में देखा गया है, जहां आठ लोग लापता बताए जा रहे हैं और 15 से 20 भवनों व गौशालाओं को नुकसान पहुंचा है। सैंती कुंतरी से दो, धुरमा गांव से एक और सेरा गांव से भी कई घर प्रभावित हुए हैं। मोक्ष गाड़ गदेरा के उफान पर आने से सेरा गांव में कई मकान बह गए। वहीं, नंदप्रयाग–नंदानगर मोटर पुल खतरे की जद में है और पेट्रोल पंप व पुराना बाजार को जोड़ने वाला पुल बह गया है।
लापता लोगों की सूची
ग्राम कुंतरी लगा फाली से लापता:
• कुंवर सिंह पुत्र बलवंत सिंह (42 वर्ष)
• कांता देवी पत्नी कुंवर सिंह (38 वर्ष)
• विकास पुत्र कुंवर सिंह (10 वर्ष)
• विशाल पुत्र कुंवर सिंह (10 वर्ष)
• नरेंद्र सिंह पुत्र कुताल सिंह (40 वर्ष)
• जगदंबा प्रसाद पुत्र ख्याली राम (70 वर्ष)
• भागा देवी पत्नी जगदंबा प्रसाद (65 वर्ष)
• देवेश्वरी देवी पत्नी दिलबर सिंह (65 वर्ष)
ग्राम धुरमा से लापता:
• गुमान सिंह पुत्र चंद्र सिंह (75 वर्ष)
• ममता देवी पत्नी विक्रम सिंह (38 वर्ष)
बचाव कार्य में जुटा प्रशासन
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। मेडिकल टीमें और एंबुलेंस भी भेजी गई हैं। दो ग्रामीणों को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। थराली क्षेत्र, सोल घाटी और आसपास के कई गांवों में भी तेज़ बारिश से सड़कें बंद हो गई हैं और संपर्क कट गया है। नंदानगर के सालूबगड़ और लांखी क्षेत्रों में भी मकानों पर खतरा बना हुआ है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस आपदा पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, “जनपद चमोली के नंदानगर घाट क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि से घरों को क्षति पहुंचने की दुःखद सूचना मिली है। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। मैं स्वयं स्थिति की गहन निगरानी कर रहा हूँ और प्रभावितों के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूँ।”
यह बादल फटने की घटना पहाड़ी जिलों में प्राकृतिक आपदाओं के बढ़ते खतरे की एक और गंभीर चेतावनी मानी जा रही है।

Popular Articles