कहा-निष्पक्ष कार्रवाई से पीड़ितों को मिलेगा न्याय कोतवाली में धरने पर भी पहुंचे थे महापौर
रूद्रपुर। काशीपुर रोड पर वाहनों की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। घटना में घायल युवक अभिषेक का राममूर्ति अस्पताल में उपचार चल रहा है। रविवार को महापौर विकास शर्मा राममूर्ति अस्पताल पहुंचकर घायल अभिषेक का हाल जाना और उसके परिजनों से मुलाकात की। महापौर ने चिकित्सकों से घायल युवक के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली तथा उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि उपचार और न्याय के मामले में परिवार को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। महापौर के साथ पूर्व मेयर व दर्जा मंत्री रामपाल सिंह, अनिल चौहान समेत अन्य लोग शामिल रहे। इससे पूर्व
कोतवाली भी पहुंचे थे महापौर। जहां पीड़ित पक्ष की ओर से धरना दिया जा रहा था। उन्होंने धरने पर बैठे लोगों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली और निष्पक्ष जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
महापौर ने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। वाहनों की टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और इसके बाद मारपीट की स्थिति बनी, जिसमें अभिषेक घायल हुआ है।घटना में कौन दोषी है और किसकी कितनी भूमिका है, यह पुलिस की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस को पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच करनी चाहिए।उन्होंने कहा कि घटना में घायल युवक नगर निगम की महिला सफाई कर्मचारी का पुत्र है। नगर निगम उसके परिवार के साथ खड़ा है। उसकी चिकित्सा, परिवार की चिंता और न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग किया जाएगा। लेकिन किसी भी घटना को राजनीतिक रंग देकर माहौल खराब करना उचित नहीं है। उन्होंने सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि मामले में कानून अपना काम करेगा और दोषी चाहे किसी भी पक्ष का हो, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। घटना को लेकर अफवाहों और राजनीतिक बयानबाजी से बचें तथा पुलिस जांच पूरी होने का इंतजार करें। उन्होंने कहा कि शहर की शांति और सामाजिक सौहार्द सबसे महत्वपूर्ण है।





