मोबाइल बंद, परिवार की बढ़ी चिंता; मुखानी कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज
हल्द्वानी। घर से स्कूटी लेकर निकला 38 वर्षीय युवक अचानक लापता हो गया। दिन बीतते गए, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। मोबाइल लगातार बंद मिलने के बाद परेशान परिजनों ने पुलिस से तलाश की गुहार लगाई। कुसुमखेड़ा क्षेत्र की उत्तरांचल कॉलोनी फेस-2 निवासी गंगा पाण्डेय ने मुखानी कोतवाली में पति ललित मोहन पाण्डेय की गुमशुदगी की तहरीर दी है।
ललित मोहन पाण्डेय पुत्र दुर्गा दत्त पाण्डेय 5 सितंबर को स्कूटी संख्या यूके 04 ए के-4051 लेकर घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। उनका मोबाइल नंबर भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा है।
परिजनों ने पुलिस से युवक की तलाश कर सकुशल घर वापस लाने की अपील की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।




