उत्तरकाशी के हर्षिल क्षेत्र में लगातार दो दिन बाद मौसम खुलते ही राहत की बड़ी शुरुआत हुई। मंगलवार को एमआई-17 हेलीकॉप्टर ने आपदा प्रभावित गांवों तक जरूरी रसद सामग्री पहुंचाई और लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों तक ले जाया गया।
बीते रविवार को हर्षिल से बहने वाले ककोड़ा गाड़ का जलस्तर अचानक बढ़ गया था, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। यहां उसके मुहाने पर एक ग्लेशियर भी दिखाई दिया। वन विभाग ने तुरंत जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दी। सोमवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीआरएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम निरीक्षण के लिए मौके पर रवाना हुई।
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यह ग्लेशियर पहले से ही वहां मौजूद था, जिससे प्रशासन ने फिलहाल राहत की सांस ली है। लेकिन आपदा के बाद से क्षेत्र की हर नदी-नाले पर सतर्क निगरानी लगातार जारी है।





