Saturday, February 14, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

खेलों के लिए सरकार ने बनाया वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर : अमित शाह

राष्ट्रीय खेलो के समापन समारोह में शिरकत करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के सभी देवी-देवताओं को प्रणाम करते हुए अपने संबोधन को शुरू किया। अमित शाह ने उत्तराखंड के सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। 38वें राष्ट्रीय खेलों के समापन समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि मोदी सरकार देशभर में खेलों के लिए विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और इकोसिस्टम तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं, जिसका असर मेडल जीतने की संख्या में साफ दिखाई देता है।

अमित शाह ने बताया कि 2014 में खेलों का बजट 800 करोड़ था, जो 2025-26 में बढ़कर 3800 करोड़ हो जाएगा। यह खेलों के प्रति मोदी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि 2014 में भारतीय खिलाड़ियों ने कॉमनवेल्थ गेम्स में सिर्फ 15 पदक जीते थे, जबकि अब यह संख्या 26 तक पहुंच गई है। एशियाई खेलों में 2014 में 57 पदक मिले थे, जो 2023 में 107 तक बढ़ गए हैं।गृहमंत्री ने कहा कि आज हर राज्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए आगे आ रहा है। उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य ने भी शानदार आयोजन कर यह साबित कर दिया कि भारत का हर क्षेत्र खेलों का हब बनने को तैयार है। अगले राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मेघालय जैसे छोटे राज्य को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि आज खिलाड़ी मोदी जी को ‘खेल मित्र’ कहते हैं, क्योंकि उन्होंने खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन माहौल तैयार किया है।

अमित शाह ने ऐलान किया कि भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि हमने ओलंपिक में मेजबानी का दावा ठोका है और मुझे यकीन है कि जब 2036 में ओलंपिक भारत में होगा, तो हमारे खिलाड़ी मेडल जीतकर देश का तिरंगा ऊंचा करेंगे। उन्होंने उत्तराखंड के खिलाड़ियों से अपील की कि वे कड़ी मेहनत करें और देश को गौरव दिलाने में अपना योगदान दें।

Popular Articles