Friday, January 16, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

कौन हैं प्रिंसेस लियोनोर—150 साल बाद स्पेन को मिलने वाली पहली ‘क्वीन रेज़नेंट’?

स्पेन का राजघराना एक ऐतिहासिक मोड़ पर खड़ा है। 20 वर्षीय प्रिंसेस लियोनोर, किंग फेलिपे VI और क्वीन लेटिज़िया की बड़ी बेटी, देश की अगली उत्तराधिकारी हैं और उनके सिंहासन पर बैठने पर स्पेन को लगभग 150 वर्षों बाद अपनी पहली ‘क्वीन रेज़नेंट’ (स्वतंत्र रूप से शासन करने वाली रानी) मिल सकती है। इससे पहले ऐसी रानी 19वीं सदी में इसाबेला द्वितीय थीं, जिन्होंने 1833 से 1868 तक शासन किया था।

हालांकि लियोनोर के राजगद्दी संभालने की कोई आधिकारिक समय-सीमा नहीं है, लेकिन स्पेनिश संविधान के अनुसार वह तभी रानी बनेंगी जब उनके पिता या तो पद त्याग देंगे या उनका निधन होगा। यह बदलाव आधुनिक स्पेनिश राजतंत्र के लिए ऐतिहासिक होगा, क्योंकि यह पहली बार होगा जब कोई महिला सम्राट अकेले शासन करेगी—किसी राजा की पत्नी के रूप में नहीं, बल्कि अपने अधिकार में।

प्रिंसेस लियोनोर का जन्म 31 अक्टूबर 2005 को मैड्रिड में हुआ। वह किंग फेलिपे VI और पूर्व पत्रकार क्वीन लेटिज़िया की पहली संतान हैं। उनकी छोटी बहन इन्फांटा सोफिया का जन्म 2007 में हुआ। अपने जन्म के साथ ही लियोनोर को “प्रिंसेस ऑफ़ अस्तुरियस” की उपाधि मिली, जो स्पेनिश सिंहासन के उत्तराधिकारी को दी जाती है।

बोर्बोन राजवंश, जिससे लियोनोर संबंधित हैं, 18वीं सदी से स्पेन पर शासन करता आ रहा है और यूरोप के सबसे पुराने शाही घरानों में गिना जाता है।

लियोनोर की पढ़ाई बहुत सोच-समझकर तय की गई। उन्होंने मैड्रिड के सांता मारिया दे लॉस रोसालेस स्कूल में पढ़ाई की—वहीं जहां उनके पिता ने शिक्षा ली थी। इसके बाद उन्होंने ब्रिटेन के प्रतिष्ठित UWC Atlantic College (वेल्स) से इंटरनेशनल बैक्लॉरिएट किया, जहां वैश्विक मामलों, राजनीति और संवैधानिक मूल्यों पर विशेष जोर दिया गया।

वह कई भाषाओं में निपुण हैं—स्पेनिश, कैटलन, अंग्रेज़ी, फ्रेंच, अरबी और मंदारिन। महज़ 13 साल की उम्र में उन्होंने प्रिंसेस ऑफ़ अस्तुरियस अवॉर्ड्स समारोह में अपना पहला बड़ा सार्वजनिक भाषण दिया, जो विज्ञान और मानविकी में उपलब्धियों को सम्मानित करता है।

स्पेनिश कानून के अनुसार, सिंहासन के उत्तराधिकारी को सेना, नौसेना और वायुसेना में प्रशिक्षण लेना अनिवार्य है। अगस्त 2023 में लियोनोर ने ज़रागोज़ा में आर्मी ट्रेनिंग से शुरुआत की, फिर 2024 में गैलिसिया में नौसैनिक प्रशिक्षण लिया।

उन्होंने जुआन सेबास्टियन दे एलकानो जहाज पर 17,000 मील की ऐतिहासिक समुद्री यात्रा भी की और न्यूयॉर्क में रुकते हुए अंतरराष्ट्रीय कूटनीति का अनुभव लिया। यह प्रशिक्षण उन्हें भविष्य में स्पेन की सशस्त्र सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर बनने के लिए तैयार कर रहा है।

लियोनोर ने पुर्तगाल और नवारे जैसे क्षेत्रों की आधिकारिक यात्राएँ की हैं। हालांकि उनका जीवन काफी निजी रखा गया है, लेकिन जैसे-जैसे वह बड़ी हो रही हैं, उनकी सार्वजनिक भूमिका बढ़ती जा रही है। उनकी मां क्वीन लेटिज़िया की पत्रकारिता पृष्ठभूमि और पिता की शाही विरासत ने उन्हें एक संतुलित, आधुनिक और संवेदनशील राजकुमारी के रूप में गढ़ा है।

अगर लियोनोर सिंहासन संभालती हैं, तो वह न सिर्फ स्पेन की पहली आधुनिक रानी होंगी, बल्कि लैंगिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक भी बनेंगी। वह ऐसी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करती हैं जो परंपरा के साथ-साथ तकनीक, वैश्वीकरण और सामाजिक न्याय को भी महत्व देती है।

आज लियोनोर सिर्फ एक राजकुमारी नहीं, बल्कि Gen-Z की वह शाही चेहरा हैं, जिस पर पूरी दुनिया की नज़र है।

Popular Articles