कोलकाता में महिला डॉक्टर से बलात्कार और हत्या के बाद अब आईपीएस जावेद शमीम को बंगाल की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस ने पीड़िता के माता-पिता से मुलाकात की। आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की घटना पर बंगाल भाजपा ने श्याम बाजार इलाके में विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा नेता रूपा गांगुली ने कहा, ‘इसे लेकर पूरे देश में आंदोलन हो रहे हैं। पश्चिम बंगाल को सरकार को जवाब देना होगा कि वे डॉक्टरों की सुरक्षा की देखभाल करेंगे। आज CISF आरजी कर अस्पताल की निगरानी कर रही है। इस घटना में जो भी पुलिस अधिकारी पहले आए थे, उन्होंने FIR दर्ज करने में कितनी देरी की और देरी क्यों की? लड़की के शव को श्मशान घाट तक ले गए और मां-बाप के पहुंचने से पहले बच्ची का दाह संस्कार कर दिया गया, ये कैसा न्याय है? आप कहते हैं कि लड़की ने आत्महत्या कर ली, यह क्यों कहा गया? इतने बड़े अस्पताल में इतना बड़ी घटना हुई और ऐसे कैसे हो सकता है किसी को कुछ पता नहीं चला। क्या मृतका को बेहोश किया गया?’ कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दुष्कर्म और हत्या की घटना को लेकर दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में डॉक्टरों की हड़ताल के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल के निदेशक और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शुक्ला ने कहा, ‘समस्या काफी ज्यादा है क्योंकि बहुत दूर-दूर से मरीज आते हैं। गरीब मरीज हैं जो निजी अस्पतालों का खर्चा नहीं उठा पाते हैं। बहुत मरीजों की समस्याएं काफी गंभीर होती हैं… चारों तरफ लोगों को समस्या तो हो रही है हालांकि हमारे यहां फैकल्टी कोशिश कर रही है कि वो अधिक से अधिक मरीजों को देखें। मैंने कल भी एक पत्र जारी किया है क्योंकि उन्होंने कहा था कि वे विरोध बंद कर देंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मुझे उम्मीद है कि शायद आज वे विरोध बंद कर देंगे क्योंकि उनकी ज्यादातर मांगे पूरी हो गई हैं। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट भी सुनवाई कर रहा है।’.





