Top 5 This Week

Related Posts

कोलकाता: पूर्वी कमान मुख्यालय पहुंचे पीएम मोदी, सशस्त्र बलों के संयुक्त कमांडरों के सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन

कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को कोलकाता स्थित पूर्वी कमान मुख्यालय विजय दुर्ग (पूर्व में फोर्ट विलियम) पहुंचे। यहां वे सशस्त्र बलों के तीन दिवसीय संयुक्त कमांडरों के सम्मेलन (सीसीसी) का उद्घाटन करेंगे। यह सम्मेलन सशस्त्र बलों का सर्वोच्च विचार-मंथन मंच माना जाता है, जिसमें देश के शीर्ष नागरिक और सैन्य नेतृत्व रणनीतिक एवं वैचारिक स्तरों पर विचारों का आदान-प्रदान करते हैं।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पृष्ठभूमि में सम्मेलन
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष का सम्मेलन हाल ही में संपन्न हुए ऑपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि में आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य विषय है— “सुधारों का वर्ष – भविष्य के लिए परिवर्तन”। सम्मेलन में सशस्त्र बलों में चल रहे सुधारों, भविष्य की चुनौतियों और परिचालन तैयारियों पर विशेष रूप से चर्चा होगी। इसके तहत विभिन्न रैंकों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ संवादात्मक सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

कौन-कौन होंगे शामिल
इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ हस्तियां मौजूद रहेंगी। अधिकारियों का कहना है कि यह सम्मेलन सशस्त्र बलों को और मजबूत बनाने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप रणनीति तय करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

पिछली बार भोपाल में हुआ था आयोजन
संयुक्त कमांडरों का सम्मेलन (सीसीसी) हर साल अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किया जाता है। वर्ष 2023 में इसका आयोजन भोपाल में हुआ था, जिसका उद्घाटन भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही किया था।

कोलकाता से बिहार जाएंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी रविवार शाम असम के जोरहाट से कोलकाता पहुंचे और राजभवन में रात्रि विश्राम किया। सोमवार सुबह उन्होंने पूर्वी कमान मुख्यालय में सम्मेलन का उद्घाटन किया। दोपहर बाद वे बिहार के पूर्णिया के लिए रवाना होंगे, जहां वे राष्ट्रीय मखाना बोर्ड का शुभारंभ करेंगे।

बिहार में मखाना बोर्ड का शुभारंभ
प्रधानमंत्री का यह एक महीने में दूसरा बिहार दौरा है। पूर्णिया में वे राष्ट्रीय मखाना बोर्ड का उद्घाटन करेंगे। यह बोर्ड उत्पादन, नई तकनीक के विकास, कटाई के बाद प्रबंधन, मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण और मखाने के निर्यात व ब्रांड विकास को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा।

Popular Articles