देहरादून/रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है, और बाबा केदार के दर्शन के लिए हेली सेवा की टिकट बुकिंग को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर है। आईआरसीटीसी (IRCTC) ने हेली सेवा के अंतिम स्लॉट की बुकिंग तिथि घोषित कर दी है। इसके अनुसार, 8 अक्तूबर दोपहर 12 बजे पोर्टल खुलेगा, जिसमें श्रद्धालु 13 से 21 अक्तूबर की यात्रा के लिए टिकट बुक कर सकेंगे।
केदारनाथ धाम के कपाट 23 अक्तूबर को भैया दूज के दिन शीतकाल के लिए बंद हो रहे हैं। कपाट बंद होने के साथ ही हेली सेवा संचालन भी समाप्त हो जाएगा। इस समय तक 12 अक्तूबर तक की सभी तिथियों की बुकिंग पूरी तरह भर चुकी है, जिससे अब केवल अंतिम चरण के टिकट ही शेष हैं।
वर्तमान में केदारनाथ के लिए हेली सेवाएं गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से संचालित की जा रही हैं। इन तीनों हेलीपैड से छह एविएशन कंपनियां यात्रियों को हवाई सेवा उपलब्ध करा रही हैं। हर साल की तरह इस बार भी यात्रा के अंतिम चरण में टिकटों के लिए जबरदस्त मांग देखने को मिल रही है।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि केदारनाथ हेली सेवा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि आईआरसीटीसी ने अंतिम स्लॉट की बुकिंग तिथि जारी कर दी है और श्रद्धालु निर्धारित समय पर पोर्टल के माध्यम से अपनी टिकट बुक कर सकते हैं।
आईआरसीटीसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि 9 अक्तूबर को हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने के उपरांत वेबसाइट को कुछ समय के लिए बंद किया जाएगा ताकि सिस्टम अपडेट किया जा सके।
इस बार यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने हेली सेवा संचालन में पारदर्शिता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। यात्रा के अंतिम चरण में मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है, ऐसे में प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सुरक्षित यात्रा और मौसम के अनुरूप तैयारी के साथ धाम पहुंचने की अपील की है।
बाबा केदार के दर्शन का यह अंतिम अवसर होने के कारण श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। हेली टिकटों की बुकिंग शुरू होते ही वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक की संभावना जताई जा रही है।





