भारत और अमेरिका के बीच जारी व्यापार वार्ता सही दिशा में आगे बढ़ रही है। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इससे भारत का हित सुरक्षित रहेगा और दोनों देशों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि वह कृषि, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल्स सहित विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगों के साथ लगातार बात कर रहे हैं। साथ ही एक कार्यक्रम में पीयूष गोयल ने कहा कि अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर चर्चा जारी है। साथ ही उन्होंने कहा कि यह सही दिशा में बढ़ रही है। इसका अच्छा परिणाम निकलेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 2 अप्रैल को पारस्परिक टैरिफ लगाने की घोषणा से क्या कोई भूचाल आएगा। इस पर गोयल ने कहा कि भारत की विकास गाथा सुरक्षित रहेगी और देश वैश्विक अर्थव्यवस्था को शक्ति प्रदान करता रहेगा।उन्हाेंने कहा कि भूचाल फ्लाइट में आ सकता है, लेकिन हालात पर कमांडर का पूरा नियंत्रण है। इसलिए फ्लाइट न केवल सुरक्षित लैंड करेगी, बल्कि हम ऐसी कई यात्राओं को सफलतापूर्वक पार करेंगे और विकसित भारत 2047 के गंतव्य तक पहुंचेंगे।इसके साथ ही गोयल ने कहा कि हम पूरी तरह आश्वस्त हैं कि वैश्विक महाशक्ति बनने के लिए हम देश को अमृत काल में ले जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण से संबंधित वार्ता में वस्तुओं पर शुल्क घटाने सहित भारत की डिजिटल सेवाओं को उदार बनाने पर गहन चर्चा हो रही है। दरअसल सहायक अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधिमंडल (यूएसटीआर) ब्रेंडन लिंच के नेतृत्व में भारत आया हुआ है। इस प्रतिनिधिमंडल के वाणिज्य विभाग के अधिकारियों के साथ बुधवार को शुरू हुई तीन दिवसीय गहन चर्चा शुक्रवार को समाप्त हो जाएगी।