केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु जग्गी वासुदेव और स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दोनों धार्मिक गुरुओं से आध्यात्मिकता और सामाजिक स्थितियों को लेकर चर्चा की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि सद्गुरु जेवी जी से मिलकर खुशी हुई। भारतीय आध्यात्मिकता और समाज को बदलने में उनकी भूमिका के बारे में चर्चा हुई। अमित शाह के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सद्गुरु ने खुशी जताई। उन्होंने एक्स पर लिखा कि भारत के गृह मंत्री से मिलकर खुशी हुई। हमारे देश के सभ्यतागत पहलुओं में उनकी भागीदारी और रुचि की सराहना करता हूं। सद्गुरु ईशा फाउंडेशन के संस्थापक हैं। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री ने स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज से भी मुलाकात की। केंद्रीय गृह मंत्री ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि जूनापीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज से मुलाकात की। उनसे अध्यात्म और राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। भारतीय ज्ञान परंपराओं और दर्शन को दुनिया में फैलाने में आपकी भूमिका सराहनीय है। स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज भारत के सबसे पुराने और प्रमुख जूना अखाड़े के वर्तमान आचार्य महामंडलेश्वर हैं।