रूस ने बुधवार रात यूक्रेन की राजधानी कीव पर मिसाइल और ड्रोन से भीषण हमला किया, जिसमें 13 लोगों की मौत और 132 से अधिक लोग घायल हो गए। मरने वालों में एक छह वर्षीय बच्चा भी शामिल है, जबकि घायलों में 14 बच्चे हैं, जिनमें एक पांच महीने की बच्ची की हालत नाजुक बताई गई है। यूक्रेनी अधिकारियों ने इस हमले को रूस-यूक्रेन युद्ध की अब तक की सबसे भयावह रात बताया है।
नौ मंजिला इमारत ध्वस्त, मलबे में राहत कार्य जारी
कीव के सैन्य प्रशासन प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने जानकारी दी कि हमले में एक नौ मंजिला इमारत का हिस्सा ढह गया, जिसमें कई लोग मलबे में दब गए। राहत एवं बचाव दल लगातार मलबे से लोगों को निकालने में जुटे हैं।
35 वर्षीय याना झाबोरोवा, जो इस इमारत में रहती थीं, ने कहा,
“तेज धमाकों से नींद खुली, दरवाजे और खिड़कियां चकनाचूर हो गईं। बच्चों के साथ यह सिर्फ सदमा है… कुछ भी नहीं बचा।”
27 स्थानों पर हमला, 100 से ज्यादा इमारतें प्रभावित
तकाचेंको ने बताया कि कीव के सोलोमिंस्क्यी और स्वियातोशिनस्क्यी जिलों में सबसे अधिक नुकसान हुआ है।
- कम से कम 27 स्थानों को बनाया गया निशाना
- 100 से अधिक इमारतें क्षतिग्रस्त, जिनमें घर, स्कूल, किंडरगार्टन, अस्पताल और विश्वविद्यालय शामिल हैं
रूस ने छोड़े 309 ड्रोन और 8 क्रूज मिसाइलें
यूक्रेन की वायुसेना ने जानकारी दी कि रूस ने:
- 309 ड्रोन और
- 8 क्रूज मिसाइलें दागीं
इनमें से 288 ड्रोन और 3 मिसाइलें यूक्रेनी रक्षा प्रणाली ने नष्ट कर दीं, लेकिन 5 मिसाइलें और 21 ड्रोन अपने लक्ष्यों तक पहुंचने में सफल रहे।
डोनेट्स्क में भी हमला
पूर्वी यूक्रेन के क्रामाटोर्स्क में एक पांच मंजिला इमारत पर रूसी हमला हुआ, जिसमें 1 व्यक्ति की मौत और 11 लोग घायल हुए। यह हमला डेनेट्स्क क्षेत्रीय प्रशासन प्रमुख वादिम फिलाश्किन ने पुष्टि की।





