देहरादून। कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर एक बार फिर भूस्खलन ने मुश्किलें बढ़ा दीं। बुधवार को जजरेड के पास अचानक पहाड़ी दरकने से भारी मलबा सड़क पर आ गया, जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त कोई वाहन मलबे की चपेट में नहीं आया।
भूस्खलन के कारण सड़क की सुरक्षा दीवार भी पूरी तरह ढह गई। मार्ग बंद होने से दोनों ओर करीब 200 से अधिक वाहन फंस गए। प्रशासन ने तुरंत दो जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू कराया और घंटों की मशक्कत के बाद यातायात आंशिक रूप से बहाल किया गया।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले मंगलवार को भी इसी स्थान पर भूस्खलन के कारण मोटर मार्ग बाधित हुआ था। लगातार हो रहे भूस्खलन से यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में पहाड़ी मार्गों पर अत्यधिक सतर्कता बरतें और अनावश्यक यात्रा से बचें।