Saturday, July 5, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

कांवड़ मेले में नहीं होगी कोई ढिलाई: सीएम धामी

हरिद्वार में 550 करोड़ की 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को ऋषिकुल मैदान में आयोजित विकास संकल्प पर्व में स्पष्ट किया कि आगामी कांवड़ मेले को दिव्य और भव्य बनाने में किसी भी स्तर पर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेला भी ऐतिहासिक और सुरक्षित होगा, और इसके लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हरिद्वार जनपद में 550 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं न केवल जनपद की आधारभूत सुविधाओं को सशक्त बनाएंगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति देंगी।

भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने दो टूक कहा कि भ्रष्टाचारी सुधर जाएं, अन्यथा जेल जाने को तैयार रहें।” उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में 24,000 से अधिक भर्तियों को पूरी पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराया गया है। अब चयन का आधार नकल या सिफारिश नहीं, बल्कि सिर्फ प्रतिभा और क्षमता है।

बेरोजगारी दर में ऐतिहासिक गिरावट
सीएम ने दावा किया कि प्रदेश की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर उत्तराखंड ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि राज्य की बेटियां अब सरकारी सेवाओं में चयनित होने के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों, स्टार्टअप्स और लघु उद्योगों के जरिए आत्मनिर्भर बन रही हैं।

उत्तराखंड बना सतत विकास में अग्रणी
मुख्यमंत्री ने बताया कि नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्य (SDG) इंडेक्स में उत्तराखंड को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने इसे टीमवर्क और विकास के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।

मुख्यमंत्री का भावुक संदेश
धामी ने कहा कि यह दिन उनके लिए विशेष है, क्योंकि आज ही के दिन उन्होंने प्रदेश की बागडोर संभाली थी। उन्होंने गंगा तट पर खड़े होकर जनता से उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प को दोहराया और कहा कि, हमने जो कहा, वह किया, और जो कहेंगे, उसे करके दिखाएंगे।”

Popular Articles