Monday, February 9, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

कांगो में आग लगने के बाद नदी में पलटी नाव, 148 लोगों की मौत

डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में मोटर से चलने वाली एक लकड़ी की नाव में आग लग गई। इस घटना के बाद नाव कांगो नदी में पलट गई, जिसमें कम से कम 148 लोगों की मौत हो गई।

स्थानीय अधिकारियों के हवाले से मीडिया रिपोर्टों में शुक्रवार को बताया गया कि नाव महिलाओं और बच्चों सहित 500 यात्रियों को ले जा रही थी, जब मंगलवार को देश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में स्थित कांगो नदी में यह पलट गई। बता दें, कांगो में नौका दुर्घटनाएं आम बात हैं। कांगो में पुराने लकड़ी के जहाज गांवों के बीच परिवहन का मुख्य साधन हैं और अक्सर उनमें क्षमता से अधिक सामान भरा होता है। इस वजह से कांगो में नाव दुर्घटनाएं काफी ज्यादा होती है।

रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों का अनुमान है कि सैकड़ों लोग अभी भी लापता हैं। पहले मृतकों की संख्या 50 बताई गई थी। एचबी कोंगोलो नामक नाव में मबंडाका शहर के पास आग लग गई, यह नाव मटनकुमु बंदरगाह से बोलोम्बा क्षेत्र के लिए रवाना हुई थी। स्काई न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 100 बचे लोगों को स्थानीय टाउन हॉल में एक अस्थायी आश्रय में ले जाया गया। जबकि जलने से घायल लोगों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

नदी आयुक्त कॉम्पीटेंट लोयोको ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि यह घटना तब हुई जब एक महिला जहाज पर खाना बना रही थी, तभी आग लग गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि तैरने में असमर्थ होने के कारण पानी में कूदने से महिलाओं और बच्चों सहित कई यात्रियों की मौत हो गई।

Popular Articles