अमेरिका अपने पड़ोसियों कनाडा और मैक्सिको को क्रमश: 100 अरब डॉलर और 300 अरब डॉलर की सब्सिडी दे रहा है। अब इसी को लेकर नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ी बात कह दी। उन्होंने रविवार को कहा कि हम सब्सिडी दे ही रहे तो दोनों देशों को ऐसे में अमेरिका का हिस्सा बन जाना चाहिए।इतना ही नहीं, 78 वर्षीय ट्रंप ने कनाडा और मेक्सिको को धमकी दी है कि यदि उन्होंने अपने क्षेत्रों के जरिए अमेरिका में अवैध प्रवासियों का आना नहीं रोका तो दोनों देशों पर भारी शुल्क लगाया जाएगा। पांच नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव जीत जाने के बाद दिए पहले टीवी इंटरव्यू में रिपब्लिकन नेता ने कहा, ‘हम कनाडा को हर साल 100 अरब डॉलर की सब्सिडी दे रहे हैं। हम मैक्सिको को करीब 300 अरब डॉलर की सब्सिडी दे रहे हैं। हमें सब्सिडी नहीं देनी चाहिए। हम इन देशों को ये क्यों दे रहे हैं? अगर हम सब्सिडी देना चाहते हैं तो उन्हें (अमेरिका का) एक राज्य बनने दीजिए।’उन्होंने आगे कहा, ‘हम मैक्सिको, कनाडा और दुनिया के कई देशों को सब्सिडी दे रहे हैं। मैं बस इतना करना चाहता हूं कि सभी को समान, तेज और निष्पक्ष खेल का मैदान मिले।’





