उत्तराखंड सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘ऑपरेशन कालनेमि’ अभियान के तहत देहरादून पुलिस ने तीन दिनों में 82 छद्म साधु-बाबाओं को गिरफ्तार किया है। इनमें से 32 बहुरूपिए सिर्फ दून क्षेत्र से पकड़े गए हैं।
ये सभी आरोपी विभिन्न राज्यों से आकर साधु-संतों का भेष धारण कर लोगों को ठगने का काम कर रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि यह अभियान धार्मिक आस्था की आड़ में लोगों, विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं, को भ्रमित कर ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ चलाया जा रहा है।
कैसे करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार, ये ढोंगी बाबा व्यक्तिगत और पारिवारिक समस्याओं के समाधान का झांसा देकर लोगों को वशीभूत करते थे। फिर झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र और भविष्यवाणी के नाम पर उनसे धन और कीमती सामान हड़प लेते थे।
प्रदेशभर में जारी रहेगा अभियान
एसएसपी ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय छद्म साधुओं की पहचान कर सख्त कार्रवाई करें। देवभूमि की आस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।





