नई दिल्ली। एशिया कप-2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को पाँच विकेट से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस शानदार सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर खिलाड़ियों को बधाई दी।
मैच समाप्त होने के कुछ ही पलों बाद पीएम मोदी ने पोस्ट करते हुए लिखा — “खेल के मैदान पर ऑपरेशन सिंदूर। नतीजा वही – भारत की जीत। हमारे क्रिकेटरों को बधाई।” यह पोस्ट कुछ ही घंटों में लाखों लोगों द्वारा रिपोस्ट किया गया और इसे अब तक 2.5 करोड़ से अधिक इम्प्रेशन मिल चुके हैं।
भारत की इस जीत को केवल एक ट्रॉफी नहीं बल्कि पाकिस्तान पर रणनीतिक संदेश माना जा रहा है। पहलगाम हमले के बाद बदले हालात में इस जीत को भारत की साख से जोड़ा जा रहा है।
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पीएम मोदी की प्रतिक्रिया पर खुशी जताई। उन्होंने कहा — “जब देश का लीडर खुद फ्रंट फुट से बैटिंग करता है तो बहुत अच्छा लगता है। ऐसा लगता है जैसे उन्होंने खुद स्ट्राइक लेकर रन बनाए हों। सर सामने खड़े हैं तो खिलाड़ी आज़ाद होकर खेलेंगे।”
सूर्यकुमार ने आगे कहा कि इस जीत ने पूरे देश को जश्न का मौका दिया है। भारत लौटने पर टीम को और अधिक प्रेरणा मिलेगी और खिलाड़ी भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।





