Monday, February 16, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

एलन मस्क का सुझाव किया नजरअंदाज

डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के अगले राष्ट्रपति के रूप में अगले साल जनवरी में शपथ लेंगे। इससे पहले वह लगातार अपने मंत्रियों और अधिकारियों का चयन कर रहे हैं। अब उन्होंने श्रम विभाग का नेतृत्व करने के लिए रिपब्लिकन पार्टी की अमेरिकी प्रतिनिधि लोरी चावेज-डेरेमर को चुना है। वहीं, डॉक्टर जेनेट नेशेवात को सर्जन जनरल और जॉर्ज सोरोस के पूर्व मनी मैनेजर स्कॉट बेसेंट को वित्त मंत्री का नेतृत्व करने के लिए नामित करेंगे।

बता दें, एलन मस्क ने वित्त मंत्री के रूप में हावर्ड लुटनिक का नाम सुझाया था। मगर इसके उलट ट्रंप ने खुद की पसंद के उम्मीदवार को नियुक्त किया है। उन्होंने हेज फंड के दिग्गज स्कॉट बेसेंट को इस विभाग के लिए चुना है।

नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को शीर्ष प्रशासनिक पदों के लिए घोषणाएं की थीं। उन्होंने एलेक्स वोंग को प्रधान उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और डॉक्टर सेबेस्टियन गोर्का को आतंकवादी रोधी के लिए वरिष्ठ निदेशक नियुक्त किया था। इसके अलावा, पूर्व सांसद डॉक्टर डेव वेल्डन को रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के निदेशक, एफडीए (खाद्य एवं औषधि प्रशासन) आयुक्त के लिए मार्टी माकरी और आवास एवं शहरी विकास सचिव के रूप में स्कॉट टर्नर को चुना है।

रसेल थुरलो वॉट को यूएस ऑफिस ऑफ मैनेजमेंट एंड बजट (ओएमबी) का निदेशक नियुक्त किया गया है। सभी नियुक्तियां अगले साल की 20 जनवरी से प्रभावी होंगी, जब ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। बता दें, उम्मीदवारों को उनके संबंधित पदों पर शपथ लेने से पहले अमेरिकी सीनेट द्वारा नामांकन की पुष्टि करने की आवश्यकता होती है।

ट्रंप ने कहा, ‘स्कॉट को दुनिया के अग्रणी अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और भूराजनीतिक और आर्थिक रणनीतिकारों में से एक के रूप में व्यापक रूप से सम्मानित किया जाता है। स्कॉट की कहानी अमेरिकन ड्रीम की है। बेसेंट एक अमेरिकी निवेशक, परोपकारी और शिक्षक हैं। वह की स्क्वायर ग्रुप के संस्थापक और सीईओ हैं।’

Popular Articles