Monday, February 16, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

एमवीए में सीट बंटवारे पर राहुल नाराज

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अवधि महज तीन दिन शेष है, लेकिन विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाड़ी (एमवीए) में अभी तक सीटों की गुत्थी नहीं सुलझ पाई है। इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी की नाराजगी सामने आने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे को पत्र भेजकर मनमाने तौर पर उम्मीदवार घोषित करने पर रोष जताया है। इससे दोनों पार्टियों के बीच अंदरूनी विवाद और गहरा गया है।

राहुल ने खासतौर से विदर्भ और मुंबई की सीटों के बंटवारे पर सवाल उठाया है। नाना पटोले ने उद्धव को पत्र लिखा है कि जिन सीटों पर फैसला नहीं हुआ है उन पर उम्मीदवार घोषित कर और एबी फार्म जारी करना अनुचित है। वहीं, पटोले के पत्र से उद्धव ठाकरे नाखुश हो गए हैं। सूत्रों का कहना है कि शिवसेना (यूबीटी) कुछ सीटों पर कांग्रेस से अदला-बदली के लिए तैयार थी, लेकिन नाना पटोले के पत्र के बाद उद्धव ने कड़ा रुख अपना लिया है।इस बीच शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा कि एमवीए को सबका साथ, सबका विकास की जरूरत है। राउत ने एक तरह से कांग्रेस को नसीहत दी और हरियाणा के चुनाव परिणाम को लेकर आईना दिखाया। राउत ने कहा, कांग्रेस को सबको साथ लेकर चलना होगा।

एमवीए में शामिल कांग्रेस, एनसीपी (एसपी) और शिवसेना (यूबीटी) ने पहले 85-85 का फार्मूला तय किया था। ठाकरे की पार्टी ने अब तक सबसे अधिक 83 उम्मीदवार घोषित किए हैं। पटोले के पत्र के बाद बढ़ी तल्खी को कम करने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बालासाहेब थोरात ने शनिवार को उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। इसके बाद नया फार्मूला सामने आया कि तीनों दल 90-90 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, जबकि सहयोगी दलों को 18 सीटें तय की गई हैं।

शरद पवार गुट की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने 22 उम्मीदवारों की दूसरी सूची की घोषणा की। मुंबई में एनसीपी (एसपी) के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने उम्मीदवारों के नामों का खुलासा किया। पाटिल ने कहा, अब तक 67 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है और हम सभी निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल करेंगे। पार्टी ने अरंडोल से अन्ना पाटिल, गंगापुर से सतीश चव्हाण, शाहपुर से पांडुरंग बरोरा, परांदा से राहुल मोटे, बीड से संदीप क्षीरसागर, अरवी से मयूरा काले, बागलान से दीपिका चव्हाण, येवला से माणिकराव शिंदे को चुनाव मैदान में उतारा है। इससे पहले, 24 अक्तूबर को एनसीपी (एसपी) ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 45 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी।

Popular Articles