अंतरिक्ष की सैर करना हर किसी का ख्वाब होता है। पर ऐसे खुशनसीब लोग कम ही होते हैं, जिनका ये ख्वाब पूरा हो पाता है। हालांकि, अब कुछ लोगों का यह सपना पूरा होने वाला है। ब्लू ओरिजिन करीब दो साल बाद आज छह लोगों को अंतरिक्ष भेजने वाला है। साल 2022 में इसका एक रॉकेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसके बाद कंपनी ने उड़ान पर रोक लगा दी थी। अब एक बार फिर अमेजन कंपनी के फाउंडर जेफ बेजोस की कंपनी सबऑर्बिटल रॉकेट को लॉन्च करने को तैयार है। इससे अंतरिक्ष पर्यटन बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि जिन छह लोगों को अंतरिक्ष भेजा जा रहा है उनमें पूर्व वायुसेना पायलट एड ड्वाइट भी शामिल हैं। इन्हें 1961 में अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी ने देश के पहले अश्वेत अंतरिक्ष यात्री उम्मीदवार के रूप में चुना था, लेकिन उन्हें कभी भी अंतरिक्ष में उड़ान भरने का अवसर नहीं दिया गया। ..





