एअर इंडिया की अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट रद्द कर दी गई है। यह वही रूट है, जिस पर AI-171 दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। इस बीच लंदन से अमृतसर, दिल्ली से पेरिस और पेरिस से दिल्ली की उड़ान को भी रद्द कर दिया गया है। दिल्ली-पेरिस वाली एअर इंडिया की उड़ान को रद्द करने की वजह तकनीकी समस्या बताई गई। जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान AI-159 दोपहर 1.10 बजे अहमदाबाद से रवाना होना था। इसका लंदन पहुंचने का समय शाम 6.25 बजे बताया गया। बीते दो दिन में तीन बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान में तकनीकी समस्या देखी गई। पहले एयर इंडिया AI315 (हांगकांग से दिल्ली) संदिग्ध तकनीकी खराबी के कारण बीच उड़ान में ही वापस लौट आया। इसके बाद सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही फ्लाइट को कोलकाता में ही ठहरना पड़ा और अहमदाबाद-लंदन की फ्लाइट को रद्द करना पड़ा है।एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, ’17 जून को दिल्ली से पेरिस जाने वाली फ्लाइट AI143 को रद्द कर दिया गया है। उड़ान से पहले की अनिवार्य जांच में एक समस्या सामने आई है, जिसे अभी ठीक किया जा रहा है। हालांकि, पेरिस चार्ल्स डी गॉल (CDG) हवाई अड्डे पर रात के संचालन पर प्रतिबंध के तहत आने वाली उड़ान को देखते हुए उड़ान को रद्द कर दिया गया है। हम होटल में ठहरने की व्यवस्था कर रहे हैं और यात्रियों को विकल्प की पेशकश भी कर रहे हैं। परिणामस्वरूप 17 जून, 2025 को पेरिस से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI142 भी रद्द कर दी गई है।’
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार दोपहर अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना होने वाली एअर इंडिया की उड़ान को परिचालन संबंधी मुद्दों के कारण रद्द कर दिया गया है। एअर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट ने भी पुष्टि की है कि अहमदाबाद से लंदन के गैटविक हवाई अड्डे के लिए AI-159 की उड़ान रद्द कर दी गई है। विमान को सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से तय समय से देरी से दोपहर तीन बजे रवाना होना था। हवाई अड्डे के अधिकारी ने कहा, ‘हमें सूचित किया गया है कि परिचालन संबंधी कारणों की वजह से उड़ान रद्द कर दी गई है। अहमदाबाद से लंदन के लिए मूल उड़ान, जिसका कोड AI-171 था, ने सोमवार से नए उड़ान कोड AI-159 के साथ परिचालन फिर से शुरू किया था।’ अधिकारी ने उड़ान रद्द होने के कारण ‘परिचालन संबंधी मुद्दों’ के बारे में विस्तार से नहीं बताया। 12 जून को अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हुई उड़ान AI-171 को नए कोड AI-159 से बदल दिया गया है।