एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन ने आज संसद भवन में अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं मौजूद रहे और वे नामांकन पत्र के पहले प्रस्तावक बने।
नामांकन दाखिल करते समय भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, किरेंन रिजिजू समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
नामांकन चार सेटों में दाखिल हुआ, जिनमें प्रत्येक पर 20 प्रस्तावकों और 20 अनुमोदकों के हस्ताक्षर हैं। पहले सेट में प्रधानमंत्री मोदी के हस्ताक्षर मुख्य प्रस्तावक के रूप में दर्ज हुए, जबकि शेष सेटों पर केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के हस्ताक्षर रहे।
इस अवसर पर करीब 160 सांसद और मंत्री मौजूद रहे। सी.पी. राधाकृष्णन के नाम पर सहमति एनडीए नेताओं की एक बैठक में बनी थी, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने की।
एनडीए सहयोगी दलों ने भी राधाकृष्णन की उम्मीदवारी का सर्वसम्मति से समर्थन किया। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि सभी नेताओं ने उनके पक्ष में एकजुटता से समर्थन देने का संकल्प लिया है।





