देहरादून।
उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी राज्य में कई हिस्सों में तेज बारिश का पूर्वानुमान जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। इन जिलों में भूस्खलन और अचानक जलस्तर बढ़ने की आशंका जताई गई है। एहतियात के तौर पर जिला प्रशासन ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों में एक दिन की छुट्टी घोषित कर दी है।
लगातार हो रही बारिश से पर्वतीय मार्गों पर भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएँ बढ़ गई हैं। कई जगहों पर सड़कें अवरुद्ध होने से यातायात प्रभावित है और ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क कट गया है। प्रशासन ने चेतावनी जारी कर लोगों को नदी-नालों के किनारे जाने से बचने की अपील की है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने राहत-बचाव दलों को अलर्ट पर रखा है। साथ ही बिजली और जलापूर्ति विभागों को चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 48 घंटे उत्तराखंड के लिए बेहद अहम रहेंगे। यदि बारिश की तीव्रता और बढ़ी तो पहाड़ी जिलों में नुकसान का खतरा और ज्यादा बढ़ सकता है।





